जमशेदपुर : जमशेदपुर सहित आस-पास के क्षेत्रों में बिजली कनेक्शन काटने के नाम पर लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी करने का सिलसिला जारी है. ताजा मामला कदमा थाना क्षेत्र का है. साइबर अपराधियों ने कदमा न्यू रानीकुदर के रहने वाले इम्तियाज जावेद खान को बिजली कनेक्शन काटने का भय दिखाते हुए झांसे में लिया. फिर उनके बैंक खाते से 99 हजार रुपये उड़ा लिये. इस संबंध में भुक्भोगी ने बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
उसके मुताबिक इम्तियाज के मोबाइल पर 18 अक्टूबर को बिजली बिजली बकाया होने को लेकर एक मैसेज भेजा गया. साथ ही एक वाट्सएप नंबर भेजकर बात करने को कहा गया. उस नंबर पर इम्तियाज ने बात की तो उन्हें बिजली बिल और कनेक्शन काटने की बात कहते हुए साइबर ठग ने झांसे में लिया. कॉल रिसीव करनेवाले ने उनसे कहा कि बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने पर रात 8 बजे तक बिजली काट दी जायेगी. उनके व्हाट्सएप पर मैसेज किए गये मोबाइल नंबर पर उन्होंने संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया. हालांकि उसके थोड़ी देर के बाद ही इम्तियाज को दूसरे नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले उनसे एटीएम कार्ड का डिटेल्स लिया औक ओटीपी नंबर शेयर करने की बात कही. तब तक भुक्तभोगी साइबर ठग के झांसे में पूरी तरह से आ गए थे. उन्होंने जैसे ही ओटीपी नंबर कॉल करनेवाले से शेयर किये, देखते ही देखते उनके बैंक खाते से 99 हजार रूपये की अवैध निकासी हो गई. उसके बाद उन्होंने उस नंबर पर फिर कॉल करनेवाले से संपर्क साधने की कोशिश, लेकिन उनकी कोशिश बेकार साबित हुई. तब तक इम्तियाज समझ चुके थे कि वे साइबर ठगी के शिकार हो गए हैं. उन्होंने 19 अक्टूबर को साइबर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पूर्व में कई मामले आ चुके हैं सामने
बता दें कि जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों के अलावा पड़ोस के आदित्यपुर क्षेत्र में भी इस तरह से बिजली कनेक्शन काटने का झांसा देकर साइबर ठगी के कई मामले एक के बाद एक आ चुके हैं. साइबर पुलिस की ओर से लोगों को इस तरह की ठगी से बचने के लिए लगातार जागरूक भी किया जाता है. फिर भी साइबर ठग लोगों को झांसे में लेकर ठगी की घटना को अंजाम देने में सफल साबित हो रहे हैं.





