
जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में भी पूरे विश्व भर में तेजी से वायरल हो चुके पब्जी गेम का नशा साफ देखा जा सकता है. यह नशा श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल के नवमी कक्षा के छात्र शिवम (काल्पनिक नाम) पर इस कदर छाया की उसने अपने पिता के खाते से तीन लाख रुपए इस गेम में उड़ा दिए. इसका खुलासा तब हुआ जब छात्र के पिता संतोष (काल्पनिक नाम) खाते से रुपए कटने कि शिकायत लेकर साइबर थाना पहुंचे. यहां मौजूद पुलिसकर्मियों को संतोष ने बताया कि उनके खाते से नवंबर माह से कई बार में रुपए की निकासी की गई है. जब पुलिसकर्मी ने उनके मैसेज की जांच की तो पाया कि सारे पैसे पब्जी और फ्री फायर गेम में कटे है. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें किसी परिजनों द्वारा ही ऐसा करने कि बात कही तो उन्होंने यह बात मानने से इनकार कर दिया. बाद में उन्हें अपने बेटे के साथ साइबर थाना आने को कहा गया. स्कूल की छुट्टी होने के बाद संतोष अपने बेटे शिवम के साथ थाना पहुंचा. यहां पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की. पूछताछ में उसने बताया कि वह पब्जी गेम में रॉयल पास, ड्रेस और अन्य उपकरण करने के लिए पिता के एटीएम का इस्तेमाल करता था. उसने एक बार रजिस्टर किया था, जिसके बाद उसे कार्ड का दुबारा इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ी. बाद में वह किसी भी चीज को बस एक क्लिक पर खरीद लिया करता था. हालांकि जब या जानकारी उसके पिता को हुई तो उन्होंने इस मामले में शिकायत करने से मना कर दिया. पुलिस ने बताया कि उनके खाते से नवंबर से रुपए कटने शुरू हुए थे जो अब तक काट रहे थे अब तक उनके खाते से तीन लाख रुपए कट चुके थे.







