जमशेदपुर : करोड़पति बनने की चाहत में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र की 10 नंबर बस्ती, सुखिया रोड निवासी संध्या सैनी ने अपनी मेहनत की कमाई से जमा एक लाख रुपये गंवा दिए. यह ठगी पिछले एक सप्ताह के दौरान मोबाइल कॉल के जरिए हुई. ठगी का एहसास होने के बाद उन्होंने सिदगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता संध्या सैनी ने पुलिस को बताया कि विगत 10 जुलाई को उनके पास एक अज्ञात नंबर (9162029806) से फोन आया. फोन करनेवाले व्यक्ति ने खुद को किसी फाइनेंशियल कंसल्टेंसी कंपनी से जुड़ा बताया और दावा किया कि वह एक लाख रुपये को कुछ ही दिनों में एक करोड़ में बदल सकता है. बड़ी रकम की लालच और बातचीत के ढंग से प्रभावित होकर संध्या उसके झांसे में आ गईं. फोन करनेवाले व्यक्ति ने बड़ी चतुराई से पहले संध्या का विश्वास जीता. लगातार आठ दिनों तक संध्या से बातचीत करता रहा, जिसके दौरान संध्या को यह यकीन दिलाया गया कि उनका पैसा पूरी तरह सुरक्षित है और कुछ ही दिनों में उन्हें मोटा मुनाफा मिलेगा. इस दौरान आरोपी ने कई बार में उनसे पूरे एक लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए. (नीचे भी पढ़ें)
17 जुलाई की सुबह तक संध्या को आरोपी से कॉल आते रहे, लेकिन जब संध्या ने मुनाफे या पैसे की अदायगी की बात की, तो सामने वाले व्यक्ति ने गोलमोल जवाब देना शुरू कर दिया. यही नहीं, दोपहर तक उसका नंबर स्विच ऑफ हो गया. तब जाकर संध्या को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी हैं. आनन-फानन में उसने सिदगोड़ा थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी. थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी मोबाइल धारक को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है. कॉल डिटेल्स को खंगाला जा रहा है और बैंक ट्रांजेक्शन को ट्रेस किया जा रहा है. फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और साइबर सेल की मदद से आगे की कार्रवाई की जा रही है.














