जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित बोधी मैदान में 17 और 18 अक्टूबर को रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट द्वारा भव्य दो दिवसीय डांडिया और गरबा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष का यह उत्सव पूरी तरह से भारतीय संस्कृति, सभ्यता और नारी शक्ति के सम्मान को समर्पित होगा. उत्सव के पहले दिन नियोन डांडिया की प्रस्तुति होगी, दूसरे दिन यानी 18 अक्टूबर को मुख्य आकर्षण के रूप में सुप्रसिद्ध सेलिब्रिटी आर्टिस्ट और अभिनेत्री आस्था सिंह शिरकत करेंगी. रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की संस्थापक आशा सिंह ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे कार्यक्रम को बेहद शालीन और सभ्य तरीके से आयोजित किया जा रहा है, सुरक्षा और अनुशासन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी, सुरक्षा के लिए 50 से ज्यादा महिला और पुरुष बाउंसर रहेंगे. कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा. (नीचे भी पढ़ें)
भारतीय सनातन परंपरा का सम्मान करते हुए, प्रवेश करने वाले प्रत्येक आगंतुक का स्वागत माथे पर चंदन/कुमकुम का तिलक लगाकर किया जाएगा. कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की भव्य महा आरती और वंदना से होगी, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर हो उठेगा. शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर, समाज में बदलाव लाने वाली महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया जाएगा. आयोजकों द्वारा जमशेदपुर और आसपास के सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाली महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
दो दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में पारंपरिक गुजराती लोकगीतों और गरबा गीतों का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा. इसके साथ ही, बेस्ट डांडिया डांसर, बेस्ट ट्रेडिशनल ड्रेस (महिला/पुरुष) और बेस्ट कपल, लक्की ड्रॉ जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे. मैदान में लजीज व्यंजनों और पारंपरिक क्राफ्ट्स के स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं. कार्यक्रम में प्रवेश केवल पास द्वारा ही होगा, जो की आयोजकों से संपर्क कर प्राप्त किया जा सकेगा. प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की संस्थापक आशा सिंह, पूनम वर्मा, रंजना शर्मा, मुस्कान गोराई, नेहा मिश्रा, रश्मी राज, रम्यता प्रफुल्ल, सुबोध गोराई आदि उपस्थित रहे.





