जमशेदपुर : 8 अप्रैल से 22 अप्रैल तक पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) में पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है. इसी क्रम में समाहरणालय परिसर (डीसी ऑफिस) से उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिकेत सचान तथा धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) शताब्दी मजूमदार द्वारा पोषण पखवाड़ा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. साथ ही उक्त मौके पर पोषण पखवाड़ा से संबंधित शपथ भी लिया गया. मौके पर उप विकास आयुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी से पोषण पखवाड़ा 2025 के तहत किए जा रहे कार्यों एवं जागरूकता रथ के रोस्टर के संबंध में जानकारी ली. जागरूकता रथ के द्वारा प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जाकर ग्रामीणों को पोषण पखवाड़ा 2025 के उद्देश्यों जैसे बच्चों के जीवन के प्रथम सुनहरे 1000 दिवस पर ध्यान, पोषण ट्रैकर में लाभार्थी मॉड्यूल का प्रचार प्रसार, समर कार्यक्रम से समुदाय स्तर पर कुपोषण प्रबंधन, बच्चों में मोटापे के समाधान के लिए स्वस्थ जीवन शैली आदि के प्रति जागरूक किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

साथ ही जागरूकता रथ के माध्यम से ग्रामीणों को खाने में हरी पत्तेदार सब्जियां, दूध, फल, अंडा आदि शामिल करने के प्रति जागरूक किया जाएगा. उप विकास आयुक्त द्वारा मौके पर सभी को पोषण पखवाड़ा का शपथ दिलाया गया. सभी ने शपथ लिया कि भारत के बच्चों, किशोरों और महिलाओं को कुपोषण मुक्त, स्वस्थ और मजबूत करने, राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा के दौरान में हर घर तक सही पोषण का संदेश पहुंचाने, सही पोषण का अर्थ, पौष्टिक आहार, साफ पानी और सही प्रथाएं, पोषण अभियान को एक देश व्यापी जन आंदोलन बनाने, हर घर, हर विद्यालय, हर गांव, हर शहर में सही पोषण की गूंज उठाने, इस जन आंदोलन से मेरे भारतीय भाई और बहन और सब बच्चे स्वस्थ होंगे और पूरी क्षमता प्राप्त करने, हम बाल विवाह नहीं करेंगे व हम ऐसे किसी आयोजन में शामिल नहीं होंगे, जहां बाल विवाह हो रहा हो और हम यह प्रण करते हैं कि इसकी रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास करेंगे, जिससे हर बच्चा सुरक्षित, मुक्त और शिक्षित हो सके.




