
जमशेदपुर : कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा एक नई केंद्रीय योजना “फार्मेशन एंड प्रमोशन ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (Formation and Promotion of Farmer Producer Organization)” के कार्यान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए जिला स्तरीय मॉनिटरिंग कमिटी (D-MC) की बैठक बुधवार को उप-विकास आयुक्त (DDC) परमेश्वर भगत की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में हुई. इस कमेटी में उपायुक्त(अध्यक्ष), उपविकास आयुक्त (उपाध्यक्ष), जिला विकास प्रबंधक-नाबार्ड (सदस्य सचिव), जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, सचिव जिला बाजार समिति, जिला अग्रणी प्रबंधक बैंक ऑफ इंडिया, कृषि वैज्ञानिक केवीके, पूर्वी सिंहभूम(सभी सदस्य) के रूप में शामिल किए गए हैं.
कमेटी के सदस्य सचिव जिला विकास प्रबंधक, नाबार्ड द्वारा इस योजना की विस्तृत जानकारी सदस्यों के समक्ष साझा की गयी. उप विकास आयुक्त ने बताया कि योजना के अंतर्गत महत्वाकांक्षी जिले के प्रत्येक प्रखंड में कम से कम एक-एक एफपीओ (FPO) का निर्माण किया जाना है. उन्होने इस परियोजना की जानकारी समस्त हित धारकों तक पहुंचाने के निर्देश दिया, ताकि इस योजना का लाभ योग्य लैंपस, एफपीओ समेत सभी योग्य जनसामान्य तक सुलभता से पहुंचाया जा सके.
बैठक में लिये गये निर्णय
- कमेटी के विशेष सदस्य के रूप में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र तथा जिला गव्य विकास पदाधिकारी को जोड़ा जायेगा.
- सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि उत्पाद के आधार पर प्रस्ताव की पहचान की जाए, जिसमें संबंधित गतिविधियों को करने के लिए न्यूनतम 300 किसान लगे हों. इस प्रकार के कलस्टर की पहचान कर समिति की अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश सभी संबंधित विभागों को दिया गया.
- जिले में वर्तमान में संचालित एफपीओ के कार्य करने का लेखा-जोखा एवं विस्तृत विवरण संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त कर प्रस्तुत किया जाये
- कमेटी द्वारा सम्बंधित विभागों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर योजना के प्रथम चरण में दो एफपीओ के गठन के लिए पटमदा प्रखंड को सब्जी एवं दाल उत्पादक क्लस्टर घाटशिला प्रखंड को सब्जी, दाल एवं हल्दी उत्पादक क्लस्टर के रूप मे विकसित करने के लिए चिन्हित किया गया.








