रांची: रांची स्थित कांग्रेस भवन में बुधवार को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, झारखंड की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई. इसमें आगामी पंचायत चुनावों की तैयारी, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और सभी जिलों में ‘सर्वोदय संकल्प’शिविर आयोजित करने पर चर्चा हुई. साथ ही, एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित वोट बचाओ अभियान और रैली में झारखंड के कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर भी विचार किया गया.बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी और राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की झारखंड प्रभारी अशिका कुजूर मौजूद रहीं.(नीचे भी पढ़े)
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए पंचायत स्तर पर संगठन की सक्रियता जरूरी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने का आह्वान किया.उन्होंने पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी शुरू करने पर जोर दिया.भूपेंद्र मरावी ने संगठनात्मक एकजुटता और आम जनता से जुड़ाव को संगठन की ताकत बताया. वहीं, प्रदेश संयोजक शांतनु मिश्रा ने ‘सर्वोदय संकल्प’ शिविरों को संगठन के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और स्थानीय समस्याओं को समझने में मदद मिलेगी.बैठक में झारखंड के सभी जिलों में ‘सर्वोदय संकल्प’ शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया. जिला संयोजकों को इसकी तैयारी और आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. (नीचे भी पढ़े)
शिविरों में कार्यकर्ताओं को संगठित करने, प्रशिक्षण देने और पंचायत स्तर पर संगठन की गतिविधियां बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा.दिल्ली में एक नवंबर को प्रस्तावित ‘वोट बचाओ’अभियान एवं रैली में झारखंड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई.बैठक में प्रदेश कन्वेनर सुभाष नाग, जिला संयोजक रितेश तामसोय, फनेश्वर नाथ नीलेश, विनय कुमार, रांची महानगर जिला संयोजक अंजनी रंजन, चतरा जिला संयोजक योगेंद्र यादव, पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक पवन कुमार बबलू सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. बैठक के अंत में संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी चुनावों के लिए समन्वय के साथ काम करने पर सहमति बनी.












