
जमशेदपुर : झारखंड सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी नई गाइडलाइंस के मुताबिक राज्य के सभी जिम और स्वीमिंग पूल बंद कर दिए गये हैं. इस फरमान से चिंतित जमशेदपुर के दर्जनों जिम संचालकों ने एकजुटता दिखायी है. संचालकों ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी को आग्रह पत्र सौंपकर उनकी समस्याओं से राज्य सरकार के मंत्री एवं सम्बंधित विभागीय पदाधिकारियों का ध्यानाकृष्ट करने का आग्रह किया है. इस दौरान जिम संचालकों की समस्याओं से इत्तेफाक रखते हुए कुणाल षाड़ंगी ने उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. उन्होंने जिम एवं व्यायामशालाओं को बंद रखने के आदेश को अप्रासंगिक और अपरिपक्व बताया. कहा कि इम्यून बढ़ाने वाले जिम बंद हैं और शराब दुकानों पर हेमंत सरकार मेहरबान है, जो बेहद अफ़सोसजनक है. कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं और सोच महज़ राजस्व वसूलने मात्र की है, आम जनमानस के स्वास्थ्य और कठिनाइयों से राज्य सरकार का कोई सरोकार नहीं है. जिम संचालकों संग बैठक में कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मिलकर ज्ञापन सौंपेगी और जिम को बंद करने के निर्णय पर पुनर्विचार का आग्रह किया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)

कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि देश के जिन राज्यों मे रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है कहीं भी जिम को बंद करने का आदेश नहीं है. जबकि उन राज्यों में संक्रमित लोगों की संख्या झारखंड की तुलना में कहीं ज्यादा है. शहर में 50 से ज्यादा जिम हैं और उनके ऊपर लगभग 300 परिवारों की रोजी रोटी निर्भर करती है. पिछले लॉकडाउन में भी सबसे अंत में जिम को खोला गया था और पुनः सबसे पहले बंद कर दिया गया है. कहा कि जिम का प्रयोग करने वालों में से 90% से ज्यादा की उम्र 45 से कम है जो कि अभी कोरोना की वैक्सीन लेने की उम्र सीमा है. इसलिए सैकडों युवाओं की इम्युनिटी बढ़ाने और स्वयं को स्वस्थ्य रखने का जिम एक सशक्त माध्यम है. कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि अन्य प्रतिष्ठानों की तरह ही सभी जिम संचालक भी कोविड की सारी गाइडलाइंस मानने को तैयार हैं. फ्लोर पर संख्या को सीमित करके, सभी आगुंतकों की जांच करके और बेहतर सफाई का ध्यान रखकर संक्रमण से लड़ने की तैयारी बेहतर हो सकती है. सरकार को बंद करने से ज्यादा जागरूरता और मॉनिटरिंग को प्राथमिकता देनी चाहिए. इस दौरान जमशेदपुर के दर्जनों जिम के संचालक, प्रशिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे. इस दौरान राज मिश्रा, जयप्रकाश मोहंती, प्रवीर महतो, दीपू महतो, नीशित महतो, चंदन दास, अर्शदीप सिंह, इसप्रित सिंह समेत दर्जनों जिम व्यवसाय से संबद्ध लोग उपस्थित थे.












