
जमशेदपुर : भले वैश्विक महामारी के कारण शिव भक्त कांवर यात्रा नहीं कर पा रहे हैं. लेकिन शिव भक्त कहां मानने वाले हैं. उन्हें तो बाबा की भक्ति करनी है और भोले शंकर को जल अर्पण करना है. तमाम बंदिशों के बाद भी भगवान भोले के भक्त उन्हें जल चढ़ाने का रास्ता ढूंढ ही लेते हैं. पिछले 2 साल से देवघर में श्रावणी मेला पर रोक लगी है. शिव भक्त भगवान भोले पर जलार्पण नहीं कर पा रहे हैं. इधर पश्चिम बंगाल के शिव भक्तों का रेला रविवार को जमशेदपुर की सड़कों पर नजर आया. पूछने पर पता चला कि ये सभी अयोध्या हिल से पैदल ही दलमा की चोटी पर स्थित भगवान भोले को जल अर्पण करने पहुंचे हैं. जो सोमवार को भगवान भोले का जलाभिषेक करेंगे. लगभग 80 किलोमीटर पैदल यात्रा कर ये शिवभक्त जमशेदपुर पहुंचे हैं. अभी लगभग 14 किलोमीटर की यात्रा इन और करनी है.













