जमशेदपुर : डिमना बस्ती में वर्षों से जारी पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. चुनाव के दौरान नेताओं द्वारा पानी की समस्या दूर करने के आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही वादे अधूरे रह जाते हैं. इसी समस्या को लेकर रविवार को जन विकास मंच स्थानीय लोगों की एक बैठक आयोजित हुई. बैठक में बड़ी संख्या में बस्तीवासियों ने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि वर्षों से पानी की किल्लत झेलने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है. पानी के अभाव में लोगों को रोजमर्रा के काम में परेशानी हो रही है. खासकर महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में सर्वसम्मति से डिमना बस्ती जल विकास समिति का गठन किया गया. इसका उद्देश्य पेयजल संकट को संगठित तरीके से संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के समक्ष उठाना है. मंच के सौरभ विष्णु ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए लोगों को एकजुट होना होगा. बैठक में निर्णय लिया गया कि एक हजार लोगों को एकजुट कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा. बैठक में सुमन शर्मा, बप्पी, सनातन टुड्डू, दत्ता, विजय कुमार, विकास महतो, धनु मांझी, कालीपद गोप, भोलानाथ हांसदा, निर्मल प्रामाणिक, रेखा दत्ता, मीरा देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे.












