
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत फाटक के पास बुधवार की शाम रेल लाइन से कटकर प्रीतपाल सिंह सैनी और उसकी बेटी बलजीत सैनी ने आत्महत्या कर ली थी. इस मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया था. सुसाइड नोट में बताया गया था कि उनके भाई परमजीत सिंह सैनी ने उनकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया था जिसके बाद उन्होंने 16 दिसंबर को बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज कराया था. इसके बाद से ही परमजीत सिंह केस उठाने की धमकी दे रहा था. पुलिस उसको गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी. इधर, गुरुवार को परमजीत सिंह सैनी ने सीजेएम के समक्ष आत्मसर्पण कर दिया. फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है. परमजीत सिंह ने दुष्कर्म के मामले में आत्मसमर्पण किया है. उसके द्वारा आत्मसमर्पण करने के बाद अब पुलिस उसे रिमांड पर लेने के लिए न्यायलय में अर्जी डालेगी. 16 दिसंबर को मामला दर्ज होने के बाद से ही परमजीत सिंह घर पर ही रहता था और वह फरार चल रहा था. उसने जिला सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत की अर्जी भी डाली थी पर वह 22 जनवरी 2021 को खारिज हो गई, जिसके बाद उसने झारखंड उच्च न्यायलय में अग्रिम जमानत दाखिल की जहां से 25 मार्च को उसकी अग्रिम जमानत खारिज कर दी गई थी. इस बीच वह केस वापस लेने के लिए दबाव बनाता रहा. खुद जमशेदपुर के सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने मामले की जांच की थी, जिसमें केस को सही पाया था. इसके बावजूद पुलिस ने उसको बचाने का प्रयास किया और किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की. आरोपी अपने केस को वापस लेने के लिए ऐसा दबाव बनाया कि शिकायकर्ता की बेटी और पति ने आत्महत्या कर लेने में ही भलाई समझी. इस मामले में अब पुलिस ने हत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दायर किया है. जुगसलाई थाना अंतर्गत रेलवे फाटक के पास रेल लाइन से कटकर आत्महत्या मामले में मृतक प्रीतपाल सिंह की पत्नी निशा के बयान पर चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया गया है. निशा के बयान पर पुलिस ने परमजीत सिंह सैनी, जसबीर सैनी, राजेंद्र सिंह बिट्टू और हरजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. सिटी एसपी ने भी इस कांड पर अचरज जताया है कि आखिर कैसे आरोपी गिरफ्तारी उनके आदेश के बावजूद नहीं हो पाया. अब सिटी एसपी ने एक अखबार को दिये गये बयान में कहा है कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होगी.













