
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत रेलवे फाटक के पास ट्रेन से कटकर प्रितपाल सिंह सैनी और उसकी बेटी बलजीत सैनी के आत्महत्या करने के बाद गुरुवार को आरोपी परमजीत सिंह सैनी से न्यायलय में सरेंडर कर दिया था. वहीं जुगसलाई पुलिस ने परमजीत की पत्नी जसवीर कौर सैनी को आदित्यपुर से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस परमजीत सिंह को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है. इधर बिष्टुपुर थाना में दर्ज मामले के अनुसंधानकर्ता पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने जांच रिपोर्ट मांगी है. दोषी पाए जाने पर अनुसंधानकर्ता अमरेंद्र मंडल को सस्पेंड किया जा सकता है. बता दे कि प्रितपाल सिंह सैनी की पत्नी ने अपने जेठ परमजीत सिंह सैनी द्वारा बीते एक साल से दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए 16 दिसंबर 2020 को बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. घटना के बाद भी पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की. प्रितपाल अपने परिजनों के साथ पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाता रहा पर उसकी सुनने वाला कोई नहीं था. इधर परमजीत सिंह केस उठाने के लिए दबाव भी बनाने लगा. प्रितपाल को मंत्रियों के भी फोन आने लगे. इसी से परेशान होकर उसने बेटी के साथ आत्महत्या कर ली.





