जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान शहरवासियों को सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग एवं बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जोनल प्रभारियों के साथ संपन्न हुई. बैठक में पूजा के दौरान शहर में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने, पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने तथा पूजा समितियों के सहयोग से आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में सभी जोनल प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बड़े पूजा पंडालों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों की पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था का रोड मैप तैयार करें. (नीचे भी पढे)

साथ ही, बड़े पूजा पंडालों की समितियों द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि शहरवासियों को अपने वाहनों की पार्किंग में परेशानी न हो और मुख्य सड़कों पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो. केंद्रीय समिति ने कहा कि यदि किसी पार्किंग स्थल पर प्रकाश व्यवस्था, पहुंच मार्ग अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या है, तो पूजा समितियां इसकी जानकारी अभी से केंद्रीय समिति को उपलब्ध कराएं, ताकि पूजा शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके. इसके अलावा पूजा पंडालों के आसपास बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूजा समितियों से स्थानीय स्तर पर सुझाव प्राप्त किए जाएंगे. इन सुझावों को जोनल प्रभारी केंद्रीय समिति तक पहुंचाएंगे, जिसके आधार पर संबंधित क्षेत्रों में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में समन्वय किया जाएगा. (नीचे भी पढे)
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर के प्रमुख पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने के लिए बड़े बोर्ड एवं बैनर लगाए जाएंगे, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों को पार्किंग स्थल की जानकारी आसानी से मिल सके. बैठक में शहर के प्रमुख ट्रैफिक दबाव वाले क्षेत्रों में से एक बर्मामाइंस गोलचक्कर का भी विशेष रूप से उल्लेख किया गया. बताया गया कि टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा गोलचक्कर के विस्तारीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. इससे इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान बर्मामाइंस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है. केंद्रीय समिति ने सभी जोनल प्रभारियों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के बड़े पूजा पंडालों की समितियों से संपर्क कर उनके सुझाव एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त करें, ताकि समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी की जा सकें. (नीचे भी पढे)
बैठक में मुख्य रूप से कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव आशुतोष सिंह, उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद, संयोजक प्रमोद तिवारी, ईस्ट जोन से प्रदीप दास, सेंट्रल जोन-ए से ओम्यो ओझा, सेंट्रल जोन-बी से शंभू मुखी एवं जितेंद्र कुमार, नॉर्थ जोन से अजय शर्मा, साउथ जोन से शिव शंकर सिंह, वेस्ट जोन-ए से पी.एस. माथुर एवं वेस्ट जोन-बी से मनीष कुमार उपस्थित थे.







