जमशेदपुर : जमशेदपुर की सामाजिक संस्था शिवम शिल्प कला केंद्र की ओर से महिला सशक्तिकरण एवं रोजगार सृजन के उद्देश्य से महिलाओं को पैकेजिंग एवं डेकोरेशन का प्रशिक्षण दिया गया. संस्था द्वारा 100 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है. दीपावली को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को गिफ्ट पैकेजिंग, डेकोरेशन एवं अन्य सजावटी कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे अपने हुनर के माध्यम से आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन सकें. इस अभियान का संचालन संस्था की कोर मेंबर ममता सिंह की देखरेख में किया जाएगा. संस्था की अध्यक्ष मधु सिंह ने बताया कि पिछले कई वर्षों से संस्था की ओर से महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)
अब तक सैकड़ों महिलाओं को विभिन्न कौशल का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया गया है. उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार से जोड़कर उनकी आय का स्रोत तैयार करना है. संस्था की इस पहल से महिलाओं को अपनी आर्थिक निर्भरता के साथ उनके परिवार के लिए आजीविका प्राप्त करने में सहायता मिल रही है. शिवम शिल्प कला केंद्र महिलाओं को कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है.







