जमशेदपुर : जमशेदपुर के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 के मद्देनजर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई. बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उपस्थित प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता (कोड ऑफ कंडक्ट) के प्रावधानों की जानकारी देते हुए निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांति बनाए रखने हेतु सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि निर्वाचन की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है, अतः सभी राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को किसी भी सभा, जुलूस या रैली के आयोजन से पूर्व अनुमति अनिवार्य है. पोस्टर, बैनर, होर्डिंग लगाने से पूर्व भवन स्वामी की लिखित अनुमति लें. प्रचार वाहनों के लिए अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा.(नीचे भी पढ़े)
सोशल मीडिया पर प्रचार सामग्री के लिए प्रमाणित अकाउंट का उपयोग करें तथा एमसीएमसी कोषांग से पूर्व प्रमाणीकरण उपरांत प्रसारित करें. उन्होने अपील किया कि धर्म, जाति, भाषा या समुदाय के आधार पर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कोई भी राजनीतिक दल नहीं करें. सरकारी भवनों, कार्यालय परिसरों या सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति पोस्टर, बैनर नहीं लगाएं. मतदाताओं को धन, उपहार, शराब या किसी अन्य वस्तु का वितरण पूर्णतः वर्जित है. राजनीतिक दलों की ओर से सरकारी मशीनरी, वाहन या कर्मचारी का किसी भी रूप में चुनावी कार्य में उपयोग नहीं किया जाएगा. किसी भी उम्मीदवार या दल के खिलाफ अपमानजनक या भड़काऊ वक्तव्य देने से बचें. आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की निगरानी गठित कोषांग और उड़नदस्ता आदि के माध्यम से की जाएगी. बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, डीटीओ धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव उपस्थित थे.













