जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा गुदरी बाजार में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ अभियान बुधवार को अचानक नाटकीय मोड़ पर रुक गया. मुरारी सेठ की दुकान तोड़ने पहुंची प्रशासनिक टीम को अदालत का हवाला मिलने के बाद बिना कार्रवाई किए लौटना पड़ा. बुधवार को रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राय और भारी संख्या में सुरक्षा बलों के साथ गुदरी बाजार पहुंची थी. टीम का उद्देश्य मुरारी सेठ की दुकान को हटाना था, जिसके लिए पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था. जैसे ही कार्रवाई शुरू होने वाली थी, दुकानदार मुरारी सेठ ने इसका विरोध किया. उन्होंने अधिकारियों को बताया कि उन्होंने इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दी है और मामले पर सुनवाई लंबित है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके साथ ही उन्होंने दुकान खाली करने के लिए प्रशासन से 15 दिनों का अतिरिक्त समय देने की मांग की. अदालत का हवाला दिए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई को स्थगित कर दिया. हालांकि, मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुरारी सेठ को सख्त निर्देश दिए. उन्होंने दुकानदार को दो घंटे के भीतर एसडीओ कार्यालय में हलफनामा दाखिल करने को कहा. इस हलफनामे के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. घटना के बाद गुदरी बाजार इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी और चर्चा का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी और पूरे घटनाक्रम को लेकर उत्सुकता बनी रही.











