
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर ) के ग्रामीण इलाकों में होम आइसोलेटेड मरीजों को तय समय पर उचित देखरेख नहीं होने से असुविधाएं उत्पन्न हो रही है. चाकुलिया प्रखंड के कलियाम गांव में बीते 10 मई को प्रशासन की स्तर से कोविड जांच हुई थी. इस जांच में 28 में से 21 लोग पॉजिटिव पाये गये थें जिन्हें उसी समय जरूरी दवाईयों की किट मुहैया करा दी गई थी. बाकी 7 संक्रमितों को दवाईयां नहीं मिलने की जानकारी चाकुलिया निवासी ग्रामीण विद्युत वरण महतो ने ट्विटर के जरिये पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी और जमशेदपुर जिला उपायुक्त के संज्ञान में दिया. इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने उचित पहल करने का आग्रह जिला प्रशासन से किया. उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल के जरिये जिला उपायुक्त सूरज कुमार से आग्रह किया कि ग्रामीण इलाकों में होम आइसोलेटेड कोविड मरीजों को उचित मदद और सुविधाएं मिलती रहे इसके लिए प्रखंड स्तर पर विशेष सहायता केंद्र संचालित करने की कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए. वहीं गांव के छोटे घर जिनमें होम-आइसोलेशन के नियमों की पालना कर पाना मुमकिन नहीं है उनके लिए प्रखंड और पंचायत स्तर पर आइसोलेशन केंद्र की व्यवस्था होनी चाहिए. पूर्व विधायक सह भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी के ट्वीट के बाद चाकुलिया प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा 7 लोगों को होम आइसोलेशन किट मुहैया करा दी गई. इस आशय की जानकारी स्वयं जिला उपायुक्त ने अपनी ट्विटर हैंडल के जरिये कुणाल षाड़ंगी को सूचित किया. जिला प्रशासन की सक्रियता के लिए पूर्व विधायक ने आभार जताया है.


