
जमशेदपुर : समाजसेवी एवं रेड क्रॉस के पेट्रन स्व शशि भाई आडेसरा की स्मृति में शनिवार को बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र जांच के साथ 598वें नेत्र शिविर की शुरुआत हुई। कस्तूर बेन छगनलाल चैरिटेबल ट्रस्ट के संयोजन में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से आयोजित नेत्र शिविर के जांच सत्र में जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम ने 210 नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की, जिसमें से 38 नेत्र रोगियों का चयन मोतियाबिन्द ऑपरेशन के लिए किया गया। रविवार को इन नेत्र रोगियों का ऑपरेशन जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. विवेक केडिया एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के ऑपरेशन थियेटर में किया जायेगा। आज नेत्र जांच के अवसर पर रेड क्रॉस के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, रेड क्रॉस कार्यकर्ता राजकुमार सिंह राजु, ओमप्रकाश साहू तथा रवि सिंह उपस्थित थें।





