
जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में जमशेदपुर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आत्मा शासकीय निकाय एवं जिला खाद्य सुरक्षा मिशन कार्यकारिणी समिति की बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसान हित में सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़े साथ ही वैज्ञानिक तरीके से खेती के लिए भी प्रोत्साहित करें. उपायुक्त द्वारा बटन मशरूम का उत्पादन सखी मंडल की महिलाओं द्वारा करवाते हुए आय वृद्धि करने का निर्देश दिया गया. साथ ही एक जिला एक फसल के तहत चयनित टमाटर से संबंधित मूल्यवर्द्धित उत्पाद का प्रसंस्करण इकाई की स्थापना के लिए किसानों को तैयार करने का निर्देश दिया जिसमें नाबार्ड एवं बैंक के पदाधिकारी को सहयोग करने का निर्देश दिया गया. मोटा अनाज के तहत मडुवा, ज्वार, कोदो, सांवा की खेती जो आज के समय में सभी लोग भूल गये है जो पौष्टिकता से भरपूर है इसीलिए इन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस वित्तीय वर्ष 2023-2024 में आत्मा, एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन योजना के तहत किये जाने वाले कृषक गतिविधियों के बारे में चर्चा किया गया. इस वर्ष आत्मा, एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन योजनान्तर्गत जिला प्रसार कार्य योजना हेतु कुल 224.44413 लाख रूपये स्वीकृत है जिसके अनुसार कृषक गतिविधियों जैसे 1 इकाई अन्तर्राजकीय प्रशिक्षण, 1 इकाई राज्य स्तरीय प्रशिक्षण, 8 इकाई जिला स्तरीय कृषकों का प्रशिक्षण, 1 इकाई अन्तर्राजकीय परिभ्रमण, 1 इकाई राज्य के अंदर परिभ्रमण, 6 इकाई कृषकों का जिला स्तरीय परिभ्रमण, 28 इकाई रबी में मटर की उन्नत प्रभेद की खेती, सभी प्रखण्डों में 1-1 कुल 11 इकाई कृषक पाठशाला, 2 इकाई महिला समूहों का क्षमता विकास, 11 इकाई कृषक गोष्ठी एवं 1 इकाई जिला स्तरीय कृषि मेला आदि गतिविधियों का संचालन किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन दलहन प्रत्यक्षण योजना एवं न्युट्री सीरियल के अन्तर्गत प्रत्यक्षण, कृषि यंत्र वितरण, उपादान का वितरण के तहत वास्तविक किसान का चयन कर कार्य करने का निर्देश दिया गया. आत्मा के अन्तर्गत संचालित प्रत्येक गतिविधियों का कार्य संपन्न के पश्चात प्रगति का मूल्यांकन करने का निर्देश दिया. बैठक में जमशेदपुर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) मनीष कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा मिथिलेश कालिंदी, डीडीएम नाबार्ड, अग्रणी जिला प्रबंधक, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र के वैज्ञानिक, जिला परिषद सदस्य सह अध्यक्ष, कृषि एवं उद्योग समिति, पूर्वी सिंहभूम, गैर सरकारी संस्था के प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान कृषक प्रतिनिधि एवं इनपूट डीलर उपस्थित हुए.











