
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर पुलिस ने बैंक से लोन लेकर धोखाधड़ी करने के मामले में टेल्को रमादीन बगान निवासी रंजय कुमार सिंह को जेल भेजा है. इस मामले में रंजय के खिलाफ बिष्टुपुर थाने में केनरा बैंक प्रबंधन द्वारा मार्च 2021 को धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कराया गया था. बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि 23 फरवरी 2020 को रंजय ने बिष्टुपुर केनरा बैंक से 1,59,63,967 का लोन लिया था. रंजय ने क्रशर मशीन लगाने के नाम पर लोन लिया था और सुंदरनगर में एक मशीन भी लगवाया. इसी बीच रंजय ने बिना बैंक को सूचित किए वहां से मशीन को हटा लिया और लोन की किश्त भी नही भरी. इसको लेकर कई बार नोटिस भी दी गई पर कोई जवाब नही आया था. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था. फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.





