जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यरत जमशेदपुर रनइंजीनियर ने अपनी आधिकारिक क्लब टी-शर्ट का लोकार्पण किया. यह टी-शर्ट केवल क्लब की नई पहचान नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता, स्वस्थ जीवनशैली और दौड़ के प्रति समर्पण का प्रतीक है. टी-शर्ट लॉन्च कार्यक्रम में क्लब के प्रमुख सदस्य ललन साह, रेखा साह ,अरुण प्रताप सिंह, सनी कुमार, धर्मेंद्र कुमार, विक्की आनंद, अमर कुमार, अभिषेक पांडेय, मनीष कुमार, अरुणजय कुमार एवं वरीन उपस्थित रहे. जमशेदपुर रनइंजीनियर के संस्थापक अभिषेक पांडेय ने इस अवसर पर कहा कि क्लब का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को फिटनेस और रनिंग संस्कृति से जोड़ना है, ताकि “फिट जमशेदपुर, स्वस्थ जमशेदपुर” का सपना साकार हो सके. (नीचे भी पढ़ें)

जमशेदपुर रनइंजीनियर के सदस्य देश की कई प्रतिष्ठित मैराथन एवं अल्ट्रा रन प्रतियोगिताओं में लगातार भाग लेकर शहर का नाम रोशन कर रहे हैं. क्लब के सदस्यों ने टाटा अल्ट्रा लोनावला, दिल्ली मैराथन, मुंबई मैराथन, कोलकाता मैराथन, बेंगलुरु मैराथन, बोधगया मैराथन तथा जमशेदपुर मैराथन सहित अनेक प्रमुख रनिंग आयोजनों में सफलतापूर्वक भाग लिया है. इन आयोजनों में उनकी सक्रिय सहभागिता क्लब की खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस के प्रति समर्पण को दर्शाती है. जमशेदपुर रनइंजीनियर नियमित रूप से ग्रुप रन, फिटनेस जागरूकता अभियान, नए धावकों का मार्गदर्शन तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता है. (नीचे भी पढ़ें)
क्लब का उद्देश्य केवल दौड़ना नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है. क्लब ने शहर के युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे नियमित व्यायाम और दौड़ को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा एक स्वस्थ और फिट जमशेदपुर के निर्माण में अपना योगदान दें. “हर कदम सेहत की ओर, हर दौड़ नई ऊर्जा की ओर.”







