बहरागोड़ा : 25 जून को पूर्वी सिंहभूम जिले के बड़शोल थाना क्षेत्र के खंडामौदा गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अनियंत्रित टैंकर द्वारा दो लोगों को कुचल दिया गया जिससे घटनास्थल पर ही दोनों लोगों की मौत हो गयी. इस हृदयविदारक घटना के पश्चात सड़क पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हुई. स्थानीय पुलिस ने 15 नामजद व्यक्तिओं पर गैर जमानती मुकदमा दर्ज किया. भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने बुधवार को पार्टी के नेताओं के साथ वरीय आरक्षी अधीक्षक प्रभात कुमार से उनके कार्यालय में मिले और सभी निर्दोष लोगों पर से मुकदमा वापस लेने का आग्रह किया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने एसएसपी को बताया कि उस दिन अनियंत्रित टैंकर के द्वारा यात्री शेड में बैठे लोगों के कुचले जाने से ग्रामीण मर्माहत थे. ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने और खंडामौदा गांव के पास सर्विस रोड बनाने एवं स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग कर रहे थे. उन्होंने कहा कि टैंकर के दुर्घटना से दो लोगों के मारे जाने पर ग्रामीणों में गहरा दुःख है. वहीं 15 निर्दोष लोगों पर मुकदमा दर्ज होने पर लोगों में आक्रोश है. एसएसपी से मिलने डॉ गोस्वामी के साथ घाटशिला के पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडु, भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती, भाजयुमो नेता दिनेश शर्मा, कौशिक कुमार शामिल थे.











