बहरागोड़ा : बहरागोड़ा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के साथ कथित रूप से रैगिंग और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि विद्यालय में पिछले लगभग तीन वर्षों से इस तरह की घटनाएं होती रही हैं, लेकिन डर और धमकी के कारण पीड़ित छात्र इसकी जानकारी किसी को नहीं दे पाते थे. पीड़ित छात्रों के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 12 बजे कुछ सीनियर छात्र हॉस्टल में पहुंचे और कई जूनियर छात्रों को जबरन बाहर बुलाया. इसके बाद उनके साथ मारपीट की गईआरोप है कि छात्रों से कपड़े उतरवाए गए, जूते साफ करवाए गए, पैर दबवाए गए और अन्य अपमानजनक काम भी करवाए गए. मारपीट के दौरान कई छात्रों को गंभीर चोटें आईं. आरोप है कि एक छात्र के कान पर इतनी जोर से हमला किया गया कि उसके कान से खून निकलने लगा और उसे सुनने में भी परेशानी होने लगी. एक अन्य छात्र की नाक पर लात और घूंसे से वार किया गया, जबकि अन्य छात्रों के साथ भी मारपीट की गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद घायल छात्रों के अभिभावक विद्यालय पहुंचे और प्राचार्य से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी. अभिभावकों का आरोप है कि प्राचार्य ने कार्रवाई का आश्वासन तो दिया, लेकिन अब तक आरोपित सीनियर छात्रों के विरुद्ध कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. यह भी बताया गया कि जिन छात्रों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके अभिभावकों को विद्यालय बुलाया गया था, लेकिन अब तक वे नहीं पहुंचे हैं. पीड़ित छात्रों का कहना है कि उन्हें लगातार धमकी दी जाती थी कि यदि उन्होंने अपने माता-पिता, प्राचार्य या शिक्षकों को घटना के बारे में बताया तो उनके साथ और अधिक मारपीट की जाएगी. इसी डर की वजह से वे लंबे समय तक चुप रहे. (नीचे भी पढ़ें)
मारपीट में घायल बताए गए छात्रों में विकाश राणा, पूर्णचंद्र गराई, गोविंद कुमार महतो, सूरज कुम्भकार और इंद्रदेव महतो शामिल हैं. इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है. उन्होंने विद्यालय प्रशासन से दोषी छात्रों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई, पीड़ित छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यालय परिसर में रैगिंग पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है.







