जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित नेहरू संघ विकास समिति द्वारा आयोजित 11 दिवसीय श्री गणेशोत्सव का शुभारंभ गणेश चतुर्थी पूजन के साथ हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के बीच हुआ. इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए. समिति के अध्यक्ष गंगेश सिंह ने सांसद को पुष्पगुच्छ प्रदान कर तथा रंजीत रजक ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका स्वागत किया. अपने संबोधन में सांसद महतो ने समिति एवं क्षेत्रवासियों को गणेश पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणपति पूजन हमारे सनातन धर्म में विशेष स्थान रखता है. विघ्नहर्ता गणेश ही सबसे पहले पूजे जाते हैं. वे रिद्धि-सिद्धि के दाता एवं जीवन से कष्टों को दूर करने वाले बप्पा हैं.(नीचे भी पढ़े)

उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों ब्लड डोनेशन, मेडिकल कैंप, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना की. साथ ही समिति की ओर से नेहरू मैदान प्रांगण में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया. सांसद महतो ने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से क्षेत्र के लगभग 150 परिवारों को विवाह, धार्मिक व सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी. साथ ही गरीब बच्चों की शिक्षा, महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों से क्षेत्रवासियों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी. (नीचे भी पढ़े)
इस घोषणा से पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर है. इसी दौरान समिति के अध्यक्ष गंगेश सिंह ने बताया कि इस 11 दिवसीय आयोजन में नेहरू मैदान प्रांगण में छोटे बच्चों के लिए झूला, खिलौना आदि का मेला भी लगाया गया है. इससे आसपास के बच्चों में खुशी और उत्साह का माहौल है. इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, भाजपा सोनारी मंडल अध्यक्ष प्रशांत पोद्दार, समिति के अध्यक्ष गंगेश सिंह, हरिश्चन्द्र वर्मा, रंजीत रजक, धनंजय वर्मा, ललित सिंह, गोपी, मोहन, मोहित, देवेंद्र साहू, कृष्णा दास, योगेश, राहुल, सन्नी, रोहित, सूरज समेत बड़ी संख्या में सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित थे.




