जमशेदपुर : जमशेदपुर में गौ सेवकों की ओर से गौशाला में एक सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गौभक्तों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया. इस अवसर पर गौसेवा के महत्व को लेकर भक्तिभाव से संदेश दिया गया और भारतीय संस्कृति में गौमाता के स्थान पर विशेष प्रकाश डाला गया. इस दौरान “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत देशी गौवंश की सुरक्षा, संवर्धन और सम्मान को लेकर व्यापक जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि गौसेवा न केवल धार्मिक आस्था का विषय है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, कृषि और पर्यावरण संरक्षण से भी गहराई से जुड़ी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करना, गौमाता को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित दर्जा दिलाना, गोसेवा के लिए केंद्रीय कानून एवं अलग मंत्रालय की स्थापना, तथा गौ आधारित कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना शामिल है. साथ ही पंचगव्य उत्पादों के निर्माण और उनके विपणन को प्रोत्साहित करने की बात भी रखी गई. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि अभियान से जुड़ने के लिए आम नागरिकों को मिस्ड कॉल, व्हाट्सएप और वेबसाइट के माध्यम से संपर्क करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम का हिस्सा बन सकें. आयोजकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह अभियान पूर्णतः निष्काम भाव से संचालित किया जा रहा है और इसके लिए किसी भी प्रकार का दान या चंदा स्वीकार नहीं किया जाता है. यदि कोई व्यक्ति इस अभियान के नाम पर धन की मांग करता है, तो उसकी सूचना तुरत संबंधित नंबर पर देने की अपील की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
यह आयोजन न केवल गौसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करने का संदेश देने में अहम भूमिका निभाता नजर आया.














