जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि एआइ (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) एक अच्छा सेवक है, लेकिन यह बेहद खराब मालिक है. हम एआइ का इस्तेमाल सेवक के रुप में करें. अगर हम उसे अपना मालिक या मार्गदर्शक मान लेंगे, तो समस्याएं खड़ी हो जाएंगी. नया युग तकनीकी विकास का है. एआइ के बारे में सभी बच्चों को जानकारी देनी चाहिए. जब वो एआइ को समझ लेंगे तो उनकी व्यक्तिगत क्षमता बढ़ेगी. श्री राय साकची स्थित डिजिटल शिक्षण संस्थान के उद्घाटन के बाद बोल रहे थे. श्री राय ने कहा कि इस डिजिटल शिक्षण संस्थान में एआइ के बारे में विद्यार्थियों को पढ़ाया जाता है. उन्हें एआइ की विशेषताओं से अवगत कराया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए रांची के इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट के साथ इस सेंटर का समझौता हुआ है. समझौते के अनुसार, इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड मैनेजमेंट की पढ़ाई को एक केंद्र के रूप में साकची में प्रारंभ किया गया है. सरयू राय ने कहा कि एआइ के बारे में जितनी चर्चा होती है, उससे कई बार दहशत पैदा हो जाती है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमें एआई को एक औजार या एक इंस्ट्रूमेंट ही समझना चाहिए. इसका इस्तेमाल हमें करना है। हमें इसके योग्य बनना है.














