जमशेदपुर : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 45-घाटशिला अनुसूचित जनजाति आरक्षित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव की घोषणा की गई है. उपचुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी है. इस मौके पर समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने एमसीसी के प्रभावी होने तथा चुनाव प्रक्रिया की महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी दी. तय किये गये कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचना जारी करने की तिथि13 अक्तूबर सोमवार, नामांकन की अंतिम तिथि 21 अक्तूबर को मंगलवार को, नामांकन पत्रों की जांच की तिथि 22 अक्तूबर बुधवार, उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 24 अक्तूबर शुक्रवार को होगा. वहीं, मतदान 11 नवंबर मंगलवार को होगी. मतगणना 14 नवंबर शुक्रवार को होगी जबकि निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने की अंतिम तिथि 16 नवंबर रविवार को होगी. (नीचे भी पढ़े)

जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान की सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी. आचार संहिता लागू होने के साथ ही निर्वाचन कार्य हेतु गठित सभी कोषांग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं. निर्वाचन कार्य के सफल संपादन हेतु कुल 15 कोषांग यथा- निर्वाचन कोषांग, कम्यूनिकेशन प्लान व इलेक्ट्रोल रोल, कार्मिक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, ईवीएम कोषांग, स्वीप, सामग्री कोषांग, व्यय लेखा कोषांग, मतपत्र कोषांग, वाहन कोषांग, सूचना तकनीकी कोषांग, एमसीसी व लॉ एंड आर्डर, डीसीसी, सुविधा, सी-विजिल, मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग, कंट्रोल रुम, कंप्लेंट रिड्रेसल व वोटर हेल्पलाइन, प्रेक्षक कोषांग, पीडब्ल्यूडी कोषांग का गठन किया गया है तथा सभी नोडल पदाधिकारियों को उनकी भूमिका एवं दायित्वों के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव हेतु निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्रा होंगे. सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में सीओ धालभूमगढ़, सीओ घाटशिला एवं बीडीओ घाटशिला कार्य करेंगे. नामांकन की प्रक्रिया अनुमंडल कार्यालय घाटशिला में संपन्न होगी. (नीचे भी पढ़े)
उन्होने बताया कि मतदाता नामांकन की अंतिम तिथि के 10 दिन पूर्व तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु आवेदन कर सकते हैं. वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु समुचित सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी. क्रिटिकल बूथों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही चुनाव के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने से रोकथाम हेतु नगद, शराब, उपहार, ड्रग्स के अवैध परिवहन एवं असामाजिक तत्वों की निगरानी के लिए 16 चेकनाका बनाए जाएंगे जिसमें इंटर स्टेट 10, इंटर डिस्ट्रिक्ट 5 तथा शहरी क्षेत्र में 1 चेकनाका शामिल हैं. उन्होने कहा कि फरार अभियुक्तों के धरपकड़ हेतु अभियान चलाते हुए निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी. लाइसेंसी आर्म्स का सत्यापन कराते हुए जमा लिया जाएगा.














