
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) के चाकुलिया प्रखंड में पिछले कुछ समय से पशुपालकों के लिए सिरदर्द बने एक सक्रिय बकरी चोर गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया है. चाकुलिया और आसपास के इलाकों में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बकरियों की चोरी से स्थानीय पशुपालक बेहद परेशान थे. शनिवार, 14 जून को ग्रामीणों ने इलाके में एक संदिग्ध वाहन को घूमते देख सूझबूझ दिखाई और गाड़ी का पीछा करते हुए तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दे दी. (नीचे देखे पूरी खबर)

सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त कार्रवाई की और घाटशिला थाना क्षेत्र के तामुकपाल स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (एनएच -18) पर संदिग्ध वाहन (संख्या जेएच 05 डीपी -0586) को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया. गाड़ी की तलाशी लेने पर उसके अंदर से चोरी की छह बकरियाँ बरामद की गईं. इस दौरान वाहन में सवार चार युवकों में से तीन आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए, जबकि ग्रामीणों और पुलिस ने पीछा करके एक आरोपी को दबोच लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान सरायकेला-खरसावां के कपाली निवासी मोहम्मद दानिश के रूप में हुई है. चाकुलिया थाना पुलिस ने आरोपी दानिश, बरामद बकरियों और गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस दानिश से पूछताछ कर रही है और उसकी निशानदेही पर फरार तीन साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. इस बड़ी कामयाबी के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पशुपालकों ने राहत की सांस ली है.







