जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रविवार को एक बार फिर एयर कंडीशनिंग व्यवस्था ध्वस्त हो गई, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. अस्पताल में कई एसी खराब रहने के कारण मरीजों को उमस और गर्मी के बीच इलाज कराना पड़ा. जानकारी के अनुसार, अस्पताल में केवल एक एसी ही कार्यरत था, जबकि दिनभर तेज धूप और उमस के कारण वार्डों में हालात काफी खराब रहे. (नीचे देखे पूरी खबर)

इमरजेंसी वार्ड में लगे दो एसी में से कोई भी काम नहीं कर रहा था. वहीं बड़े हॉल में मात्र चार पंखे लगे होने के कारण पर्याप्त हवा नहीं मिल पा रही थी. गंभीर मरीज स्ट्रेचर पर पसीने से तरबतर नजर आए, जबकि उनके परिजन हाथ वाले पंखों से हवा कर उन्हें राहत पहुंचाने की कोशिश करते रहे. मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया कि रविवार को अवकाश होने के कारण अस्पताल में अधिकारी मौजूद नहीं थे, जिससे शिकायतों का समाधान नहीं हो सका. हालांकि, शाम के समय मौसम में कुछ नरमी आने से मरीजों और उनके परिजनों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई. मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से खराब एसी को जल्द दुरुस्त कराने तथा गर्मी से राहत के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.







