
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत हवा बस्ती निवासी अखिलेश सिंह को टेल्को थाना के पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट कर घायल करने के मामले में शुक्रवार को पीड़ित अखिलेश सिंह की पत्नी अर्चना कुमारी एसएसपी कार्यालय पहुंची. उन्होंने एसएसपी से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है. इस मामले में उन्होंने एसएसपी से लिखित शिकायत की है उन्होंने बताया कि बीते दिनों उनके पति अखिलेश सिंह आजाद मार्केट स्थित नीलम होटल में खाना लेने पहुंचे थे. नीलम होटल के संचालक करण द्वारा शराब बेचा जा रहा था, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो करण ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की. इधर जब थाने में शिकायत करने पहुंचा तो थाने के पुलिसकर्मी ने भी उसे जमकर पीटा. इस मामले में थाना प्रभारी अजय कुमार ने उसे धमकी दी थी कि अगर वह यह बात किसी को बताएगा तो उसे झूठे मामले में फंसा देंगे. दूसरे दिन उसने अस्पताल में अपना इलाज कराया था. यह मामला अब बढ़ता नजर आ रहा है. शराब माफिया और पुलिसवालों के गठजोड़ की जिंदा मिसाल देखने को मिली है, जिसको लेकर राजनीतिक दलों के लोग भी आग बबुला है. भाजपा नेता अभय सिंह ने ट्विटर पर ट्विट कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले के दोषी टेल्को थानेदार पर कार्रवाई करने की मांग की है.






