जमशेदपुर : जमशेदपुर के बालीचेला स्थित आरएमएस हाई स्कूल द्वारा आयोजित सीआइएससीइ जोनल हैंडबॉल चयन ट्रायल 2026 का उद्घाटन समारोह जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हैंडबॉल ग्राउंड में बड़े उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथियों एवं प्रतिभागियों के हार्दिक स्वागत के साथ हुआ. समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि गुलमोहर हाई स्कूल की प्राचार्या एवं सीआइएससीइ की जोनल कोऑर्डिनेटर प्रीति सिन्हा ने किया. इस अवसर पर जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के वरिष्ठ प्रबंधक हसन इमाम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. समारोह की गरिमा बढ़ाने के लिए आरएमएस के अध्यक्ष संजय केडिया, ट्रस्टी आरके झुनझुनवाला, आरएमएस प्रबंधन की वंदना जैन तथा आरएमएस हाई स्कूल खुटाडीह की प्राचार्या परिणीता शुक्ला भी उपस्थित रहीं. (नीचे भी पढ़ें)

उद्घाटन समारोह में सीआईएससीई से संबद्ध 20 विद्यालयों के 1,000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिससे पूरा परिसर उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना से सराबोर हो उठा. अपने प्रेरणादायक संबोधनों में सभी सम्मानित अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि खेलों का वास्तविक उद्देश्य केवल जीत या हार नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, दृढ़ संकल्प, निष्पक्षता और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है. समारोह का समापन चयन ट्रायल के औपचारिक उद्घोषणा के साथ हुआ, जिसके पश्चात सभी प्रतिभागी टीमों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया. यह आयोजन खेलों के माध्यम से एकता, टीम भावना और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सफल एवं प्रेरणादायक शुरुआत सिद्ध हुआ.







