जमशेदपुर : हरयाणवी मैत्री संघ, जमशेदपुर की ओर से रविवार को नीलडीह मैदान में लगातार 20वें वर्ष तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जमशेदपुर में रहनेवाले हरियाणवी समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक हरयाणवी लोक गीतो पर नृत्य प्रस्तुतियों का खूब आनंद उठाया. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि जमशेदपुर हरियाणा वासियों की संस्था हरयाणवी मैत्री संघ विगत 20 वर्षों से नगर में रंग-बिरंगे तीज मिलन समारोह का आयोजन करता आ रहा है, जिसमें हरयाणवी समाज की महिलाएं तीज के अवसर पर परंपरागत लोक गीतों एवं नृत्यों के साथ सामूहिक रूप में त्योहार का आयोजन करती आ रही हैं. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समाज की हरयाणवी समाज की महिलाओं ने स्थानीय नीलडीह मैदान में सामूहिक रूप में उत्साह एवं उल्लास के साथ तीज मिलन समारोह का आयोजन किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर समाज की महिलाओं ने रंग-बिरंगे परंपरागत हरयाणवी परिधान पहन कर इस आयोजन में शामिल हुईं. इस सामूहिक आयोजन के दौरान समाज की महिलाओं ने पारंपरिक हरयाणवी लोक नृत्य प्रस्तुत किये, मेहंदी लगाई और झूले का भी आनंद लिया. कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ जलपान की भी उत्तम व्यवस्था की गई थी.



