जमशेदपुर : सरायकेला जिले के कपाली नगर परिषद् के प्रधान सहायक शिवशंकर ठाकुर ने नगर परिषद् के ही सफाई विभाग के कर्मचारी विदेशी लोहार के खिलाफ कपाली थाना में अपनी कार क्षतिग्रस्त कर देने के आरोप में मामला दर्ज कराया है. विदेशी लोहार घटना के बाद फरार हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
कपाली नगर परिषद के प्रधान सहायक शिव शंकर ठाकुर ने इस संबंध में बताया कि उनकी निजी कार नगर परिषद् परिसर में ही खड़ी थी, जिसमें नगर परिषद् के सफाई विभाग के कर्मचारी विदेशी लोहार ने कचरा ढोनेवाली गाड़ी को बैक करने के क्रम में उनकी कार में धक्का मार दिया, जिससे उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गयी. इसको लेकर उन्होंने विदेशी को बहुत डांटा तो उसने एक दिन में उनकी गाड़ी बनवा देने का वायदा किया. इसके बाद वह उनका कार लेकर गया लेकिन अगले दिन तक वापस नहीं लौटा. बाद में उन्हें पता चला कि उनकी कार डोबो हाइवे के किनारे और भी अधिक क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी हुई है. उन्होंने जाकर अपनी कार की स्थिति का जायजा लेने के बाद कपाली थाना में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.















