जमशेदपुर : आदिवासी हो समाज युवा महासभा ने सोमवार को परसुडीह के संतोष कुंकल के समाधि स्थल पर डोमिसाइल आंदोलन के शहीदों को श्रद्धाजंलि दी और शहादत दिवस मनाया. इस अवसर पर संतोष कुंकल, कैलाश कुजूर, विनय तिग्गा को याद किया गया. कार्यकर्ताओं ने समाधि स्थल पर दो मिनट का मौन रखा और संतोष कुंकल की मूर्ति पर माल्यार्पण किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान जमशेदपुर प्रखंड के शिव कुमार हांसदा ने कहा कि संतोष कुंकल की शहादत झारखंड में डोमिसाइल नीति बनाने के आंदोलन में 2002 में हुई थी. 22 सालों में भी ना तो झारखंडी हित में डोमिसाइल नीति बनी और ना ही शहीदों को सम्मान मिला. आदिवासी हो समाज युवा महासभा के पूर्व जिलाअध्यक्ष सुरा बिरुली ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी. सरकार शहीदों के सम्मान में 1932 स्थानीय नीति झारखंडियों के हित में जल्द लागू करे. मौके पर संतोष कुंकल के भाई बेतो कुंकल, मोसो सोय, मोना देवगम समेत अन्य लोग उपस्थित थे.














