
जमशेदपुर : जिले के उपायुक्त सह रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष सूरज कुमार के दिशा-निर्देश पर रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में रेड क्रॉस की टीम पोटका हल्दीपोखर में स्व. कमल लोचन महतो के परिवार से जाकर मिली। स्व. कमल लोचन की माता तथा भाई डॉ. राजीव लोचन महतो को रेड क्रॉस, पूर्वी सिंहभूम की ओर से सहायता राशि का चेक तथा रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के अध्यक्ष सह उपायुक्त द्वारा प्रेषित शोक संदेश पत्र सौंपा गया। ज्ञातव्य हो कि चार दिन पूर्व नेपाल में भूस्खलन की एक घटना में पोटका निवासी कमल लोचन महतो, जो जल विद्युत परियोजना के निर्माण स्थल पर एक भारतीय निजी कम्पनी में अभियंता के रूप में कार्यरत थे, की मृत्यु हो गयी। नेपाल क्षेत्र में होने के कारण नेपाल दूतावास तथा भारतीय दूतावास के प्रयास से उनके शव को दुर्घटना क्षेत्र से पूर्वी सिंहभूम लाया गया। रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम स्व. कमल लोचन महतो के निधन पर शोक व्यक्त करती है एवं ईश्वर से कामना करती है कि उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में सम्बल प्रदान करें।




