जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत सोपोडेरा शांतिनगर इलाके में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सुनसान जगह से नरकंकाल बरामद किया गया. कंकाल मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और नरकंकाल को अपने कब्जे में ले लिया. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने शांतिनगर में नाले के किनारे मिट्टी में कुछ संदिग्ध चीज दबी हुई देखी. पास जाकर देखने पर वह इंसानी हड्डी जैसी प्रतीत हुई. ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा नाले के पास कंकाल होने की सूचना दी गई थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कंकाल को जब्त कर लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
थाना प्रभारी के अनुसार, शव पूरी तरह से डीकंपोज हो चुका है, जिसके कारण केवल हड्डियां ही बची हैं. प्रथम दृष्टया यह बता पाना मुश्किल है कि कंकाल किसी महिला का है या पुरुष का, और यह कितना पुराना है. पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने के लिए आसपास के क्षेत्रों और थानों में दर्ज हालिया मिसिंग रिपोर्ट के आधार पर इसकी पहचान करने में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिछले कुछ महीनों में इलाके से कौन-कौन लोग लापता हुए हैं. पुलिस के अनुसार मौत की असल वजह और पहचान सुनिश्चित करने के लिए कंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा. विस्तृत वैज्ञानिक जांच के बाद ही पुलिस किसी निश्चित निष्कर्ष पर पहुंच पाएगी.






