जमशेदपुर : मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपना मैरिज हाल के सामने शनिवार को भारी हंगामा हो गया. आसपास के लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए और जोर-ज़ोर से विरोध प्रदर्शन करने लगे. स्थिति की जानकारी मिलने पर आजादनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया. (नीचे भी पढ़ें)

वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि यह विवाद एक प्रॉपर्टी सौदे को लेकर है, जो अब गंभीर रूप ले चुका है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीसू भवन के पास अपना मैरिज हॉल के बगल में स्थित एक फ्लैट को लेकर विवाद खड़ा हुआ है. आरोप है कि बिल्डर नसीम शेख ने इस फ्लैट को कई लोगों को बेचा है. उसने इन लोगों से बड़ी धनराशि वसूल की है और उन्हें भरोसा दिलाया है कि जल्द ही फ्लैट की रजिस्ट्री उनके नाम करा दी जाएगी. लेकिन समय बीतने के साथ-साथ नसीम से लोगों का संपर्क टूट गया और वे परेशान रहने लगे. घटना की गंभीरता तब और बढ़ गई जब जमीन के असली मालिक परवेज अख्तर ने अपना पक्ष रखा. परवेज अख्तर का दावा है कि उन्होंने यह जमीन केवल नसीम को अपने व्यक्तिगत मकान के निर्माण के लिए दी थी, न कि इसे बेचने की अनुमति दी थी. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, प्रभावित लोगों का आरोप है कि नसीम शेख और परवेज अख्तर मिलकर यह धोखाधड़ी कर रहे हैं. उनका कहना है कि दोनों एक साजिश के तहत कई लोगों को फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूल कर रहे हैं. विवादित पक्ष ने बताया कि उन्होंने मानगो थाना में पहले ही एफआइआर दर्ज कराया है. बावजूद इसके पुलिस की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. लोग पुलिस प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए हुए हैं और जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. मामले की गहराई से जांच शुरू हो गई है.



