
जमशेदपुर : जमशेदपुर में पुलिस द्वारा वाहन जांच के क्रम में आम जन को परेशान करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए जेएमएम के मानगो नगर समिति अध्यक्ष फतेह चंद्र टुडू मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी से मामले में शिकायत करने पहुंचे. उन्होंने एसएसपी से मिलकर लिखित शिकायत की है. शिकायत में बताया गया है कि पुलिस द्वारा क्राइम कंट्रोल को लेकर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. साकची चौक पर भी हर दिन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. लेकिन ट्रैफिक पुलिस द्वारा ही लोगों से अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है. बिना किसी कारण लोगों पर डंडा चलाया जा रहा है, विरोध करने पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की धमकी दी जा रही है. पुलिस को देख बिना हेलमेट वाले लोग भागने के क्रम में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं. उन्होंने एसएसपी से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है.



