जमशेदपुर : भगवान विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर टेल्को क्षेत्र में श्रद्धा ग्रुप की ओर से पूजा-अर्चना के साथ भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया. पूजा स्थल पर आकर्षक सजावट के साथ भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई. श्रद्धा ग्रुप के संयोजक विनोद तिवारी ने बताया कि संस्था की ओर से हर वर्ष विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर महाभंडारे का आयोजन किया जाता है. उन्होंने कहा कि पिछले करीब 20 वर्षों से 300 कर्मचारियों के साथ टेल्को यूटिलिटी क्षेत्र में सेवा प्रदान की जा रही है. कर्मचारियों की सुरक्षा को संस्था की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजामों का विशेष ध्यान रखा जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि श्रद्धा ग्रुप सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहता है और कर्मचारियों के साथ मिलकर सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करता है. विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं महाभंडारे का वितरण किया गया. पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा.




