जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब द्वारा आगामी श्री जगन्नाथ रथ यात्रा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में 16 जुलाई को आयोजित होने वाली रथ यात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं. ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय एवं पूर्व तैयारी के साथ कार्य करें ताकि आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से अपनी तैयारियां पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होने स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की तैनाती, नगर निकाय को साफ-सफाई, पेयजल एवं मोबाइल शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग को आवश्यक संसाधनों के साथ पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए. वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस बल एवं ट्रैफिक पुलिस की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी, ड्रोन एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सतत मॉनिटरिंग की जाएगी. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता, समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. बैठक में रथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन, आपातकालीन निकासी योजना, नियंत्रण कक्ष, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए. बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), उप नगर आयुक्त, ट्रैफिक डीएसपी, एसडीएम घाटशिला, जिला परिवहन पदाधिकारी, अभियंता (विद्युत), अग्निशमन पदाधिकारी, पेयजल, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.







