जमशेदपुर : जमशेदपुर के स्थानीय परिसदन (सर्किट हाउस) में शनिवार को मजहबी रंगरेटा समाज के प्रबुद्ध लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति मथारू से मुलाकात की. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष को पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष ज्योति मथारू को मजहबी रंगरेटा समाज की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि समाज के लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सरकारी लाभों का उचित फायदा नहीं मिल पा रहा है. समाज के प्रबुद्ध जनों ने इस दिशा में ध्यानाकर्षण कराते हुए आयोग से मदद की अपील की, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका अधिकार पहुंच सके. (नीचे भी पढ़ें)
वार्ता के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष को अगले दिन यानी रविवार की सुबह बिरसानगर गुरुद्वारा आने का निमंत्रण दिया. अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति मथारू ने समाज के इस निमंत्रण को सहज स्वीकार कर लिया और गुरुद्वारा साहिब आने की सहमति जताई. प्रतिनिधिमंडल में बिरसानगर के प्रधान रोशन सिंह, नामदा बस्ती के प्रधान दलजीत सिंह, जगतार सिंह, मान सिंह, जसबीर पादरी, गुलशन सिंह, राजेंदर सिंह तरसिक्का, कुलदीप सिंह, कमलजीत सिंह, रंजीत सिंह, अमृत सिंह, प्रताप सिंह समेत समाज के अन्य प्रबुद्ध लोग शामिल थे.







