जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के जनता दल यूनाइटेड के जिला पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में बुधवार को पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय से मुलाकात कर मानगो क्षेत्र की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं समतलीकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा. जदयू नेताओं ने बताया कि मानगो पुल से डिमना रोड स्थित ब्लू बेस स्कूल के दोनों छोर तक तथा मानगो चौक से पायल टॉकीज तक की मुख्य सड़क की स्थिति पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जदयू नेताओं ने कहा कि यह मार्ग शहर को हाइवे से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है. साथ ही कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल जाने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति मरीजों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और आम राहगीरों के लिए गंभीर परेशानी और दुर्घटना का कारण बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

जदयू नेताओं ने कहा कि आगामी दिनों में त्योहारों का मौसम शुरू होने वाला है. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ दोपहिया वाहनों से आवागमन करते हैं. सड़क पर मौजूद गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है. इसलिए त्योहारों से पहले सड़कों की तत्काल मरम्मत अत्यंत आवश्यक है. इस पर कार्यपालक अभियंता दीपक सहायक ने जदयू नेताओं को आश्वासन दिया कि त्योहारों से पहले सड़क के सभी गड्ढों को भरने तथा सड़क का समतलीकरण करने का कार्य किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इसके लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा, जो क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सड़क में जहां-जहां गड्ढे एवं क्षतिग्रस्त हिस्से हैं, उनकी पहचान कर मरम्मत सुनिश्चित करेगा. जदयू नेताओं ने कहा कि विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप यदि समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा होता है तो इससे मानगो सहित पूरे शहर के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू, प्रेम सक्सेना, आकाश शाह, संजीव सिंह, प्रकाश कोया, उषा यादव, अशोक सिंह, प्रवीण सिंह, लालू गॉड, विनोद सिंह, दिनेश कुमार सिंह, शरीन अख्तर, चुन्नू भूमिज, त्रिलोचन सिंह, सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.







