चक्रधरपुर: चक्रधरपुर के आसनतलिया पंचायत अंतर्गत दलकी गांव में डायन-बिसाही का आरोप लगाकर वृद्ध महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई है. घटना मंगलवार की रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है. घायल महिला की पहचान जगदीश महाली की पत्नी सुमति महाली के रूप में हुई है.घायल महिला की तबीयत बिगड़ने पर बुधवार को परिजन उसे चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़े)
परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने सुमति महाली पर डायन-बिसाही का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की. परिजनों के अनुसार, महिला के साथ पहले भी दो बार इसी तरह मारपीट की जा चुकी है, जिससे पूरा परिवार भय और दहशत में है. पीड़ित परिवार ने चिकनी मुंडारी, मिलु मुंडारी, बाया मुंडारी, मोटू, तुराम और राजू समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है.घटना की सूचना मिलने पर चक्रधरपुर थाना की पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची और घायल महिला व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है.







