जमशेदपुर : जमशेदपुर में शुक्रवार सुबह से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जुगसलाई की रहने वाली एक महिला ने टाइगर मोबाइल जवान सलमान पर अभद्र व्यवहार और छेड़खानी के गंभीर आरोप लगाती हुई दिखाई दे रही है. वीडियो के वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया. इसी बीच, मामले ने नया मोड़ तब लिया जब महिला के ही इलाके जुगसलाई के गरीब नवाज़ कॉलोनी के बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने अपना पक्ष सामने रखा. बस्तीवासियों का कहना है कि मामले का दूसरा पक्ष भी लोगों तक पहुंचना चाहिए. उनका दावा है कि टाइगर मोबाइल जवान सलमान के खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों के अनुसार, सलमान की तैनाती के बाद इलाके में नशाखोरी, आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों की सक्रियता में कमी आई है. कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े तत्व सलमान का तबादला करवाने और उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से इस तरह के आरोपों को हवा दे रहे हैं. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. दूसरी ओर, महिला ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में अपने साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी का आरोप लगाया है. फिलहाल इन आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच होना बाकी है. इस मामले में एक ओर महिला के गंभीर आरोप हैं, वहीं दसरी ओर स्थानीय लोगों का समर्थन और उनके दावे भी सामने आए हैं. ऐसे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले निष्पक्ष और गहन जांच आवश्यक है. (नीचे भी पढ़ें)

अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर हैं. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोप सही हैं या फिर स्थानीय लोगों द्वारा लगाए जा रहे साजिश के आरोपों में कितनी सच्चाई है. तब तक किसी भी पक्ष को दोषी या निर्दोष मानना उचित नहीं होगा.




