जमशेदपुर : जमशेदपुर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा धूमधाम से निकाली गई. इस दौरान जुगसलाई, खासमहल और बिष्टुपुर राम मंदिर में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी भी शामिल हुए. विधायक ने पूजा कर रस्सी पकड़ कर रथ को खींचा और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा से झारखंड वासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की. इस दौरान भजन-कीर्तन से पूरा माहौल भक्तिमय दिख रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि सौभाग्य की बात है कि मुझे भी इस पुनीत अवसर का साक्षी होने का मौका मिला है. भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा ने पूरे जमशेदपुर शहर को जोड़ने का काम किया है. साथ ही समूचे शहर में भक्तिभाव का संचार किया है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की रथ यात्रा देखकर पूरी की रथ यात्रा का आभास हो रहा है. मौके पर रितिका श्रीवास्तव, विभूति जेना, नौशाद आलम, मुकेश शर्मा, रानी राव, प्रफुल तिवारी, आकाश सिंह आदि भी उपस्थित थे.







