जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआइआर) की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं से संबंधित कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष नौशीन खान ने उपस्थित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं संबंधित कर्मचारियों से अभियान की वर्तमान स्थिति, घर-घर सर्वेक्षण तथा प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पात्र नए मतदाताओं के नाम शीघ्रता से मतदाता सूची में जोड़े जाएँ, मृत एवं स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके व्यक्तियों के नाम नियमानुसार हटाए जाएं तथा नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन संबंधी सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि घर-घर सर्वेक्षण के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए. सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, सटीक और विश्वसनीय बन सके. (नीचे भी पढ़ें)

अध्यक्ष नौशीन खान ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है अथवा किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो वे निर्धारित प्रपत्र भरकर शीघ्र जमा करें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं समग्र मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला होती है इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इस अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा गैर-जिम्मेदाराना रवैया किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. यदि किसी स्तर पर कोताही पाई गई, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी. उल्लेखनीय है कि अध्यक्ष नौशीन खान पिछले कई दिनों से विभिन्न माध्यमों के जरिए जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के मतदाताओं से लगातार अपील कर रही हैं कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें तथा आवश्यकता होने पर समय रहते नामांकन या संशोधन कराकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार को सुरक्षित करें.







