जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-8 स्थित श्रीश्री श्यामा काली मंदिर में भगवान शनि महाराज के मंदिर निर्माण के उपरांत मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई. (नीचे भी पढ़ें)

कलश यात्रा में 121 महिलाएं स्वणर्रेखा नदी से पवित्र जल लेकर बिरसानगर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों का भ्रमण करते हुए श्रीश्री श्यामा काली मंदिर पहुंचीं. इस दौरान विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई और धार्मिक वातावरण भक्तिमय बना रहा. आयोजकों के अनुसार, धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जबकि दूसरे दिन भगवान शनि महाराज की प्राण-प्रतिष्ठा, विशेष पूजा, हवन एवं आरती का आयोजन किया जाएगा. पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच भोग एवं प्रसाद का वितरण किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

शुक्रवार की शाम नगर भ्रमण का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें भगवान शनि महाराज की प्रतिमा को बिरसानगर जोन नंबर-3 स्थित बजरंगबली मंदिर, बागेड़ी डिस्पेंसरी तथा शिव मंदिर होते हुए क्षेत्र का भ्रमण कराया जाएगा. कार्यक्रम में समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. समाजसेवी शिव शंकर सिंह ने मंदिर समिति के सदस्यों एवं आयोजकों को इस धार्मिक आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में श्रद्धा, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. (नीचे भी पढ़ें)

मंदिर समिति की ओर से बताया गया कि भगवान शनि महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर शाम को विशेष पूजा-अर्चना के साथ केक काटकर भव्य रूप से जन्मोत्सव मनाया जाएगा. कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर मंदिर समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है.




