
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखत हुए जिला प्रशासन की ओर से मेगा अभियान की शुरुआत की गई है. इस दौरान जिला पुलिस और प्रशासन हर दिन तीन थाना क्षेत्रों में जाकर लॉकडाउन का पालन करवाया जा रहा है. सोमवार को इस मेगा अभियान के तहत एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर एनके लाल, एएसपी सिटी कुमार गौरव, डीएसपी हेडक्वार्टर-1 बीरेंद्र राम, डीएसपी हेडक्वार्टर-2 कमल किशोर, डीएसपी सीसीआर अरविंद कुमार, डीएसपी ट्रैफिक बबन सिंह, साकची थाना प्रभारी कुणाल कुमार, सीतारामडेरा थाना प्रभारी अखिलेश मंडल, सिदगोड़ा थाना प्रभारी संदीप रंजन के अलावा पुलिस बल मौजूद रहे. अभियान की शुरुआत साकची सीसीआर कार्यालय से हुई. यहां से प्रशासन साकची गोलचक्कर होते हुए शीतला मंदिर पहुंची. शीतला मंदिर के पास ऑटो में क्षमता से ज्यादा सवारी बैठता देख एसएसपी ने ऑटो चालक को फटकार लगाई. उन्होंने ऑटो पर चार सवारी से ज्यादा सवारी नहीं बैठाने को कहा और अतिरिक्त सवारी को उतरवाकर दूसरे ऑटो में शिफ्ट करवाया. यहां से सभी स्ट्रेट माइल रोड होते हुए झंडा चौक पहुंचे. यहां पर भी कुछ दुकानों को खुला देख फटकार लगाई गई. झंडा चौक से निकलने के बाद काशीडीह दुर्गा पूजा मैदान होते हुए भालूबासा की ओर निकल गए. एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे है, इसको लेकर सरकार ने गाइडलाइन भी जारी की है फिर भी बहुत लोग इसका पालन नहीं कर रहे है. इसी को लेकर मेगा अभियान की शुरुआत की गई है ताकि हर दिन तीन थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया जाए और लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाए.













