जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई शिव घाट स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर का 27वां स्थापना दिवस रविवार, 09 फरवरी को पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया. शिव घाट मंदिर समिति एवं कमल कुमार भरतिया के सौजन्य से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में शहर के कोने-कोने से आये हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि जुगसलाई शिव घाट स्थित महा कालेश्वर मंदिर की स्थापना 27 वर्ष पूर्व जुगसलाई के वस्त्र व्यवसायी (अब स्वर्गीय) बजरंग लाल भरतिया की पहल पर हुई थी. बाद में समाज बंधुओं के सहयोग से उसे वृहत् एवं भव्य रूप दिया गया. श्री भरतिया के जमाने से ही 9 फरवरी को मंदिर का वार्षिकोत्सव आयोजित होता आ रहा है, जिसमें भगवान शिव के अभिषेक एवं यज्ञानुष्ठान के साथ भंडारे का आयोजन किया जाता है. (नीचे भी पढ़ें)

इस वर्ष भी रविवार (9 फरवरी) को मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे विधि-विधान के साथ मंदिर में भगवान शिव का दुग्धाभिषेक किया गया, जिसके बाद भगवान शिव की आरती की गई. (नीचे भी पढ़ें)

शिव घाट मंदिर कमेटी एवं स्व बजरंगलाल भरतिया के पुत्र कमल कुमार भरतिया के सौजन्य से आयोजित इस यज्ञानुष्ठान में जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. श्री कालिंदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया. (नीचे भी पढ़ें)
उनके अलावा आयोजन में जुगसलाई सहित पूरे शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की. पूजा एवं दुग्धाभिषेक के पश्चात मंदिर परिसर में ही प्रसाद का कार्यक्रम आरंभ हुआ जिसमें शहर के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.



