जमशेदपुर : जमशेदपुर में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच एमजीएम अस्पताल की एक नर्स भी संक्रमण की चपेट में आ गई हैं. मानगो नगर निगम क्षेत्र के डिमना हिल व्यू कॉलोनी निवासी नर्स, जो एमजीएम अस्पताल के पीकू (पीआईंसीयू) वार्ड में कार्यरत हैं, पिछले गुरुवार से अस्पताल के पांचवें तल्ले स्थित आईसीयू में भर्ती हैं. चिकित्सकों के अनुसार शनिवार को उनकी तबीयत में पहले की तुलना में सुधार हुआ है. मलेरिया के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए मानगो नगर निगम ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से रोकथाम के लिए व्यापक अभियान शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है. निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विशेष फॉगिंग और एंटी लार्वा अभियान चलाया जाएगा. इसके लिए वार्डवार शेड्यूल तैयार कर लिया गया है और जल्द ही अभियान शुरू होगा. (नीचे देखे पूरी खबर)

नगर निगम के अनुसार अभियान का उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन को रोककर मलेरिया के संक्रमण पर शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रण पाना है. नियमित फॉगिंग के साथ जलजमाव वाले स्थानों, नालियों और संवेदनशील इलाकों में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया जाएगा, ताकि मच्छरों के लार्वा को नष्ट किया जा सके. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जिस क्षेत्र में मलेरिया का मरीज मिलेगा, उसके घर से एक किलोमीटर के दायरे में विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान तत्काल फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, नालियों की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और स्वास्थ्य विभाग की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी. अभियान के तहत नालियों की नियमित सफाई कराई जाएगी तथा संक्रमण रोकने के लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाएगा. इसके साथ ही लोगों को घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा बुखार आने पर तुरंत मलेरिया की जांच कराने के लिए जागरूक किया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और समय पर जांच व उपचार कराने की अपील की है.





